मरने वालों में महिला और दो बेटियां भी शामिल, गुस्साए लोगों ने पलिया स्टेट हाईवे पर लगाया जाम
-बाइक पर सवार थे पांच लोग, हेलमेट भी नहीं लगाया था चालक
-मोहम्मदी में बाइक को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से टकराई, तीन मरे
जिले में सोमवार को दो सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। पलिया स्टेट हाईवे पर मरने वालों में एक महिला और उसकी दो बेटियां शामिल हैं, जबकि पति और एक बच्चा घायल हुआ है। यहां बाइक पर पांच लोग सवार थे, चालक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। हादसे से गुस्साए लोगों ने भीरा-पलिया स्टेट हाईवे पर दोनों बेटियों के शवों को रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। एसडीएम और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाने की कोशिश की। बमुश्किल लोग शांत हुए। उधर मोहम्मदी क्षेत्र में एक अन्य हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
पहला हादसा फूलबेहड़ क्षेत्र मे भीरा-पलिया स्टेट हाईवे पर हुआ। फूलबेहड़ क्षेत्र के हजरतापुर गांव निवासी 36 वर्षीय इसराइल रविवार को इसी थाना क्षेत्र के गांव झाऊपुरवा अपनी ससुराल गया था। सोमवार को घर वापस आते समय बाइक पर 33 वर्षीय पत्नी अफसाना, 12 वर्षीय पुत्री महर, सात वर्षीय पुत्री महक, पांच वर्षीय पुत्र सोफियान भी सवार था। बताते हैं करीब साढ़े तीन बजे के दौरान पलिया से लखीमपुर की ओर आ रही प्राइवेट यूनियन की बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर बाइक सवार लोग बस के नीचे आ गए। हादसे में 12 वर्षीय महर और सात वर्षीय महक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस को लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां बच्चों की मां अफसाना ने भी दम तोड़ दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने इसराइल और उसके पुत्र सोफियान को लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे से भड़के ग्रामीणों ने बच्चियों के शव उठने नहीं दिए और रोड जाम कर दिया। सूचना पर एसडीएम सैमुअल पाल और सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की, लेकिन लोग यूनियन के लोगों को मौके पर बुलाने, सुंदरवल की जगह बसैगापुर मे बस स्टापेज बनाने और वाहनो की स्पीड पर नियंत्रण करने समेत कई मांगों को लेकर जाम लगाए रहे। एसडीएम और सीओ सिटी के काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए और जाम खोला। इससे करीब चार घंटे हाईवे बाधित रहा।
मोहम्मदी। पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़खर निवासी अंबुज बाजपेई (30) कार से सोमवार दोपहर मोहम्मदी से खाद लेकर गांव स्थित खेत पर जा रहे थे, कार में गांव के ही दो सगे भाई लल्ला (40) और सियाराम (45) भी बैठे थे। कार गांव बड़खर के पास पहुंची ही थी उधर बरवर की ओर से बाइक आ गई, उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क के पास खड़े पेड़ से टकरा गई, कार की गति इतनी तेज थी कि कार में बैठे लल्ला और अंबुज बाजपेई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सियाराम को मोहम्मदी सीएचसी लाया गया उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात उसकी भी मौत हो गई।
कार मालिक अंबुज बाजपेई स्वयं कार चला रहा था। बताया गया कि सात दिन पूर्व शनिवार को अंबुज ने कार खरीदी थी। मृतक अंबुज अपने पीछे पत्नी रोली, पुत्रियां स्वांती (9), नैंसी (4) तथा पुत्र अंजुल (3) छोड़ गया है, उनका रो रोकर बुरा हाल है।
उधर गांव के ही भुर्जी परिवार के मृतक लल्ला अपने पीछे पत्नी कालिंद्री दो पुत्र प्रेम कुमार (15) प्रदीप (10) पुत्री लक्ष्मी (6) छोड़ गया है जबकि उसके भाई सियाराम की भी देर रात मौत हो जाने से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी होने पर मौके पर एसएसआई तौसीफ खां, एसआई अशोक कुमार तथा आरक्षी राजकुमार, अफरोज, जयभारत पहुंचे। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
मालूम हो कि पिछले माह 11 जनवरी को मोहम्मदी कस्बे के ही एक परिवार के चार लोगों की बस दुर्घटना में मौत हो गई थी।