भीरा थाना क्षेत्र में गोंधिया जंगल के पास घात लगाकर बैठे सशस्त्र बदमाशों ने बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को गोली मारकर 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने प्रधान प्रतिनिधि को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया है।
लखरावां गांव निवासी बबलू सोमवार को पड़रिया तुला में लगने वाली बाजार आया था। शाम को वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में गोंधिया जंगल के पास पहुंचा ही था कि बदमाशों ने उसे घेरकर गोली मार दी, जो उसके कंधे में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उसके पास से 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पाकर लखरावां प्रधान के पति शमशीर खान मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बदमाशों की संख्या तीन बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार किया है।