तम्बौर नगर पंचायत के चेयरमैन इश्तियाक खां और जिला पंचायत पद के प्रत्याशी उनके बेटे दानिश खां के खिलाफ पुलिस ने सरकारी साधनों के दुरुपयोग व आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
एसआई आरएन सिंह ने बताया कि नव्वापुरवा के पास उन्होंने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। यह ट्रॉली नगर पालिका की थी और ट्रैक्टर नगर पंचायत चेयरमैन इश्तियाक खां का था। इस वाहन से बैनर, पोस्टर आदि प्रचार सामग्री लगाई जा रही थी।
इस दौरान चेयरमैन के पुत्र व वार्ड संख्या चार से जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी दानिश खां भी थे। पुलिस टीम के पहुंचने पर वाहन पर सवार लोग भाग निकले।
थाने में आचार संहिता उल्लंघन व सरकारी साधनों का दुरुपयोग करने के आरोप में चेयरमैन इश्तियाक खां व उनके पुत्र दानिश खां के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
एसओ ने बताया कि मामले में दरोगा की ओर से केस दर्ज कराया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तम्बौर नगर पंचायत के प्रभारी ईओ पीएन दीक्षित का कहना है कि उन्होंने आचार संहिता को लेकर चेयरमैन को पहले ही आगाह किया था।