कस्बे में कुशाही बाजार के गन्ना यार्ड रोड पर ओवरलोड गन्ना भरा ट्रक पलटने से नेपाली महिला सहित दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं रोड के किनारे टायर मरम्मत की दुकान, पान का खोखा और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे दुकानदारों का हजारों का नुकसान हो गया। ट्रक पलटने के बाद दुकानदारों की मदद से राहगीरों ने गन्ने के ढेर में दबी नेपाली महिला सहित दो युवकों को बाहर निकाल कर उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से निघासन सीएचसी भेजा गया। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने बेलरायां-कड़िया रोड पर दो घंटे तक वाहनों का संचालन रोक दिया। इससे रेलवे स्टेशन रोड पर वाहनों की करीब दो घंटे तक लंबी लाइन लगी। इस दौरान लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार की दोपहर करीब 11 बजे बेलरायां-कड़िया रोड से मिल के गन्ना यार्ड जा रहा ओवरलोड ट्रक दुकान के सामने अचानक पलट गया। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी नेपाल के ग्राम लालबोझी निवासी हीरा देवी, ग्राम पंचायत भिड़ौरी के ग्राम बाबूपुरवा निवासी राजकुमार, ग्राम बाजारपुरवा निवासी अजमत अली गन्ने के ढेर में दब गए। दुकानदारों ने राहगीरों की मदद से गन्ने तले दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और उन्हें गंभीर हालत में निघासन सीएचसी भेजा है। इस दौरान सूचना पाकर सिंगाही थानाध्यक्ष जेपी यादव मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से दुकानों के सामने पड़े गन्ने को हटवाया।