शहर के मेला रोड स्थित वीपीएस स्कूल के निकट एक दुकान में सेंधमारी कर उसका सामान गायब कर दिया गया और कब्जे की नीयत से स्कूल की ओर से गेट लगा दिया गया। इस मामले में दुकान स्वामी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने स्कूल मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला संतोषनगर कॉलोनी निवासी रमेश अग्रवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसने तीन वर्ष पूर्व लखनऊ निवासी एसके शुक्ला से दुकान किराए पर ली थी। 23 अक्तूबर को वह आवश्यक कार्य से देहरादून गए थे, जिसके बाद 27 अक्तूबर को लौटे। आरोप है कि इस बीच वीपीएस स्कूल के मैनेेजर रत्नाकर शुक्ला ने अन्य लोगों की मदद से दुकान के पिछले हिस्से में सेंधमारी कर सामान गायब कर दिया और कब्जे की नीयत से स्कूल की ओर से गेट भी लगा दिया। इस बावत उन्होंने रत्नाकर शुक्ला से बात की, तो आरोप है कि उन्हें जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी रत्नाकर शुक्ला और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की विवेचना मिश्राना चौकी इंचार्ज राजबली सिंह को सौंपी गई है।