सिर पर कई गहरे जख्म, जुनिया पुलिया के पास मिला शव
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में सुंदरवल-करसौर मार्ग पर जुनई पुलिया के पास एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। उसके सिर पर धारदार हथियार के प्रहार के कई गहरे जख्म थे। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके दाहिने हाथ पर रामनाथ नाम गुदा है। शव के पास ही तीन थैलों में खोवा, कपड़े और फल रखे मिले। पुलिस उसकी धारदार हथियार से हत्या होने की बात स्वीकार कर रही है। सीओ धौरहरा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चौकी इंचार्ज सुंदरवल अवधेश यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करसौर मार्ग पर जुनई पुलिया के पास एक रक्तरंजित शव पड़ा होने की जानकारी मिली। इस पर वह मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। जिस पर सीओ धौरहरा हरीराम वर्मा और एसओ राकेश सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पहने कपड़ों में भी ऐसा कोई कागज नहीं मिला, जिससे युवक की पहचान कराई जा सकी। उसकी पैंट की जेब में दो सौ रुपये भी मिले हैं। शव के पास पड़े थैलों में कपड़े, फल और खोवा रखा था। शव के सिर पर धारदार हथियार के प्रहार के कई जख्म थे और काफी मात्रा में खून भी मौके पर पड़ा था। मृतक के दाहिने हाथ में रामनाथ नाम गुदा है। एसओ आरके सिंह ने बताया कि परिस्थितिजन्य साक्ष्य युवक की मौके पर ही घेर कर धारदार हथियार से हत्या करने की पुष्टि कर रहे हैं। आशंका जताई कि युवक रिश्तेदारी में जा रहा था। मृतक की जेब से दो सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने शव को मोरचरी में रखवा दिया है।