फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वृद्ध दंपति को बांधकर लूटपाट

Tue, 12 Jan 2016 06:45 PM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित जोड़ी बंगला में सोमवार की रात को असलहों से लैस बदमाशों ने नाटकीय अंदाज में वृद्ध दंपति को बांधकर डेढ़ लाख नकदी समेत हजारों कीमत के जेवर और अन्य सामान लूट लिया। बदमाशों के गिरोह में एक महिला भी शामिल थी। दंपति ने पुलिस को तहरीर देकर एक महिला के पुत्र पर साजिश का शक जताया है। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी एमपी सिंह और कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की है।
विज्ञापन

जोड़ी बंगला निवासी सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी राजकुमार सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं। सोमवार की शाम करीब आठ बजे उनके यहां एक युवा पुरुष, एक महिला के साथ आया और बताया कि उनका बच्चा शहर के लखनऊ पब्लिक स्कूल में पढ़ता है, लेकिन अंग्रेजी में बहुत कमजोर है। उसे ट्यूशन पढ़ाना है, लेकिन उस समय राजकुमार सिंह चौहान की पत्नी घर पर नहीं थीं। इसलिए उन्होंने अगले दिन आकर मिलने को कहा। उस समय महिला और उसका साथी चले गए, लेकिन रात करीब 10.30 बजे दोनों फिर आ गए। इस बार राजकुमार सिंह चौहान की पत्नी घर पर थी, इसलिए उन्होंने दोनों को अंदर बुला लिया।
चौहान दंपति के अनुसार महिला और उसके साथी ने अग्रिम देने के लिए ट्यूशन फीस पूछी और बच्चे को अंग्रेजी पढ़ा देने का आग्रह किया। इसके बाद राजकुमार सिंह चौहान की पत्नी चाय बनाने के लिए चली गईं और महिला का साथी यह कहते हुए घर से बाहर निकल गया कि रिक्शे वाले को रुपये दे दे। वह व्यक्ति घर से बाहर निकला इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ लौटा और चैनल अंदर से बंद कर लिया। उसने कमरे में आकर पहले राजकुमार सिंह को और फिर किचन में जाकर उनकी पत्नी को बंधक बना लिया तथा असलहों के दम पर आलमारी की चाबी ले ली। फिर आराम से करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट की।
विज्ञापन

राजकुमार सिंह चौहान ने पुलिस को बताया है कि वे सोमवार को ही किसी काम के लिए बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकाल कर लाए थे। बदमाशों ने आलमारी खोलकर उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये और दो सोने के हार, चार कंगन, अंगूठी, तीन मोबाइल तथा पायल सहित अन्य सामान लूट लिया और चैनल बंदकर भाग गए। किसी तरह घिसटते हुए राजकुमार सिंह चौहान दरवाजे तक आए और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने चैनल खोला तब वे बाहर निकल पाए। राजकुमार सिंह चौहान ने रात में ही पुलिस को सूचना दी।
महिला होने से पुलिस की बढ़ी उलझने
अपने तरह की शहर में यह पहली घटना है, जिसमें महिला की मुख्य भूमिका सामने आई है। इससे कोतवाली पुलिस की उलझने भी बढ़ गई हैं। अब तक जिले में इस तरह की घटना में किसी महिला का नाम नहीं आया है, इसलिए पुलिस भी आश्चर्य में है।
पुलिस ने चोरी में दर्ज की रिपोर्ट
घटना में एक महिला के अलावा चार अन्य लोग शामिल थे और बंधक बनाकर लूटपाट की, लेकिन पुलिस ने घटना को चोरी में दर्ज किया है। हालांकि पुलिस के पास मौजूद तहरीर में वादी ने भी चोरी की बात कही है, जिसमें एक महिला सुमन का उल्लेख करते हुए उसके पुत्र पर शक जताया है। वादी ने पुलिस को बताया है कि करीब एक साल पूर्व सुमन के पुत्र ने उसके घर में जल्द ही डकैती पड़ने की बात कही थी। तब उन्होंने इसे मजाक समझकर नजरअंदाज कर दिया था।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें