थाना हैदराबाद के गांव रोशननगर में हुई डकैैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर बदमाशों को असलहे सहित गिरफ्तार कर चालान भेजा हैै, जिनकी निशानदेही पर कुछ गहने, एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। जबकि मास्टर माइंड समेत चार बदमाश अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि घटना के खुलासे को एसओ अजय कुमार यादव के नेतृत्व में टीम को लगाया गया था।
सुरागरसी और सर्विलांस सेल की मदद से मंगलवार को टीम ने कैमा गांव के पास संदिग्ध लोगों से पूछताछ के इरादे से दबिश दी तो पुलिस की जीप देखते ही वे लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को धर दबोचा, जबकि उनके चार साथी भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों की तलाशी में गोला के इस्लामनगर निवासी रईस के पास से तमंचा, दो कारतूस, एक जोड़ी पायल, रामनगर निवासी इरशाद के पास से तमंचा, तीन कारतूस, दो जोड़ी पायल और रामनगर निवासी मासूम के पास से लूटा गया एक मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि सरगना अब्दुल रहमान के साथ वे लोग आठ नवंबर की रात डकैती डालने रोशननगर गए थे, जहां अय्यूब खां के घर दंपति को घायल कर 50 हजार की नकदी समेत लाखों कीमत के गहने-सामान लूट लिए थे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों का असलहे सहित चालान भेजकर फरार हुए उनके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से बदमाशों की शिनाख्त भी कराई। टीम में एसआई राजपाल सिंह, क्राइम ब्रांच के एसआई प्रमोद कुमार सिंह, सिपाही राजेश सिंह, शराफत अली, प्रदीप यादव, शेखर चौहान, जयप्रकाश यादव, सर्वेंद्र सिंह, वसीम शामिल रहे।