इलाहाबाद बैंक के पास घेरकर पीटा, फिर मारी गोली
साल भर पहले हुई मारपीट की रंजिश में कस्बे के कुछ लोगों ने सोमवार की देर रात थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव नौरंगपुर निवासी 38 वर्षीय राजकिशोर शुक्ला उर्फ राजू को घेर लिया और उसकी पिटाई की। बाद में गोली मारकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। जिला अस्पताल से रेफर करने पर घर वाले घायल को लखनऊ ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक एक साल पहले गांव नौरंगपुर निवासी राजकिशोर उर्फ राजू की बेहजम निवासी एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इससे वह राजकिशोर से रंजिश मानने लगा था। सोमवार को राजकिशोर शुक्ला लखीमपुर गए थे। शाम को वह बस में सवार होकर बेहजम पहुंचे और इलाहाबाद बैंक के सामने उतरकर गांव जाने के लिए अपने एक मित्र को मोबाइल पर कॉल कर बाइक मांगी। रात करीब 10 बजे बैंक के पास पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और पिटाई करते हुए पेट से सटाकर उसे गोली मार दी, जिससे वह लड़खड़ाकर मौके पर ही गिर गए। गोली चलने की आवाज से आसपास हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे साथियों ने खून से लथपथ घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।
प्रथमदृष्ट्या घटना रंजिश में हुई प्रतीत होती है। परिवार वाले घायल को लेकर लखनऊ चले गए हैं। जहां उसकी मौत हो गई है। मृतक लकड़ी की ठेकेदारी भी करता था। लखनऊ में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसलिए घर वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- जावेद अख्तर, एसओ नीमगांव