तेज हुआ ब्राडगेज का काम, साढ़े पांच घंटे रहा ब्लाक
परेशान रहे यात्री, स्टेशनों पर रही अफरातफरी
रुहेलखंड, आगराफोर्ट सहित कई ट्रेनें घंटों रहीं लेट
ऐशबाग-पीलीभीत पैसेंजर छह घंटे लेट हुई
सीतापुर-मैलानी रेल प्रखंड पर ब्राडगेज का काम तेज हो गया है। रविवार को रजागंज और गोला गोकर्णनाथ रेलवे स्टेशनों के बीच इंजीनियरिंग काम के लिए साढ़े पांच घंटे का ब्लाक लिए जाने से यात्रियों को खासी परेशानियां उठानीं पड़ीं। लखीमपुर रेलवे प्लेटफार्म पर सेंक्च्युरी एक्सप्रेस के बाद दोपहर तक कोई ट्रेन लखनऊ की ओर रवाना नहीं हो सकी, जिससे यात्रियों की खासी भीड़ रही और स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। उधर मैलानी जंक्शन से पीलीभीत की ओर पूरे नौ घंटे बाद यहां से ट्रेन रवाना हो सकी। यही हाल गोला गोकर्णनाथ समेत अन्य स्टेशनों का भी रहा।
मैलानी। रेल प्रशासन के निर्देश पर सीतापुर-मैलानी रेलखंड के रजागंज-गोला स्टेशनों के बीच एक मानवरहित क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने के लिए शनिवार को सुबह साढ़े सात से साढ़े बारह बजे तक कुल साढ़े पांच घंटे का ब्लाक लिया गया। इसके चलते पीलीभीत-ऐशबाग रेलखंड पर कई ट्रेनों के घंटों लेट हो जाने का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा।
ट्रेन निरस्त/विलंब
सुबह मैलानी से पौने छह बजे ऐशबाग पैसेंजर - निरस्त
तिकुनियां-ऐशबाग पैसेंजर सवा तीन घंटे
ऐशबाग-पीलीभीत पैसेंजर छह घंटे
रुहेलखंड एक्सप्रेस 10 डाउन तीन घंटे
रुहेलखंड एक्सप्रेस 09 अप एक घंटा
टनकपुर-ऐशबाग आगरा फोर्ट एक्सप्रेस डेढ़ घंटा
ऐशबाग-मैलानी और मैलानी-पलिया कलां पैसेंजर ट्रेनें भी लेट हो गईं।
पीलीभीत की ओर नौ घंटे बाद जा सकी ट्रेन
मैलानी। शनिवार को सीतापुर-मैलानी रेलखंड के रजागंज-गोला के बीच साढ़े पांच घंटे का ब्लाक लिए जाने का सर्वाधिक असर पीलीभीत की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ा। पीलीभीत की ओर सुबह छह बजे लखीमपुर-पीलीभीत पैसेंजर गई। उसके बाद पीलीभीत की ओर पूरे नौ घंटे कोई ट्रेन नहीं जा सकी। ब्लाक लिए जाने के कारण नौ घंटे बाद ट्रेन नंबर 52238 ऐशबाग-पीलीभीत पैसेंजर दिन में 15.15 पर मैलानी से रवाना हो सकी। इस कारण पीलीभीत, टनकपुर, शाहजहांपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी उठानी पड़ीं।