- रोडवेज चौकी से चंद कदम दूरी पर हुई वारदात
- दिनदहाड़े हुई वारदात से दहशत
रोडवेज पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दो युवकों ने फिल्मी स्टाइल में लूट की घटना की। दो युवकों ने बाइक से जा रहे थाना नीमगांव के गांव परसेहरा निवासी 62 वर्षीय अशफाक को पहले चच्चा आदाब कहकर रोक लिया। बाद में तमंचा लगाकर उनका पर्स लूट लिया और भाग निकले। पर्स में 1800 रुपये की नगदी और पहचान पत्र आदि था। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव परसेहरा निवासी अशफाक ने बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से लखीमपुर आए थे। काम निपटाकर घर वापस जा रहे थे कि रोडवेज पुलिस चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो युवक खड़े थे। युवकों ने उन्हें चच्चा आदाब कहा और बाइक रोक ली। वह कुछ समझ पाते इससे पहले एक युवक ने तमंचा लगा दिया और उसका पर्स लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर पास की गली में होकर भाग निकले। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर रोडवेज चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और बुजुर्ग से घटना के बाबत जानकारी ली। बुजुर्ग ने बताया कि पर्स में 1800 रुपये और पहचान पत्र समेत कई जरूरी कागजात थे। बुजुर्ग ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने तहरीर मिलने से इंकार किया है।
तीन घरों से हजारों की चोरी
लखीमपुर/महेवागंज खीरी। चौकी क्षेत्र के गांव बन्नी निवासी शिवचरन ने बताया कि घर के बाहर पिता गयाप्रसाद सो रहे थे। वहीं पर उसकी प्लेटिना बाइक खड़ी थी। रविवार चोर बाइक उड़ा ले गए। गांव के प्यारेलाल के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की बैटरी भी चोर खोल ले गए। गांव निवासी नफीस के घर घुसे चोर संदूक उठा ले गए। नफीस ने बताया कि संदूक में दो हजार रुपये और पत्नी के हजारों रुपये के जेवर थे। तीनों घटनाओं की जानकारी सुबह तब हुई जब परिवार के लोग सोकर जागे। सदर कोतवाली पुलिस ने किसी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।