ऐशबाग-मैलानी रूट पर देवकली के पास गुरुवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया। एक अज्ञात युवक ने रेलवे ट्रैक पर बाइक खड़ी कर दी और वहां से गायब हो गया। युवक की इस हरकत से तेज रफ्तार ट्रेन और बाइक की जबरदस्त टक्कर हुई। जिसमें बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे से ट्रेन में बैठे यात्रियों को झटका लगा और वे बेहद डर गए। इससे करीब आधे घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही। अब तक की जांच में आरपीएफ यह भी पता नहीं लगा पाई है कि रेलवे ट्रैक पर बाइक खड़ी थी या स्कूटर। युवक का भी कहीं पता नहीं चला है।
सेंक्च्युरी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय गुरुवार रात नौ बजे से 40 मिनट लेट पहुंची थी। लखीमपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन देवकली के पास पहुंची तभी ट्रैक पर खड़ी बाइक से टकराने पर जोरदार आवाज हुई। यात्री कुछ समझ पाते इससे पहले ही ट्रेन रुक गई। हादसे में बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस बीच ट्रेन करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। इसकी सूचना मिलने पर रात में टीआई, पीडब्ल्यूआई और आरपीएफ चौकी इंचार्ज ने मौका-मुआयना किया, लेकिन बाइक मालिक का पता नही चला। आरपीएफ चौकी इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद का कहना है कि वाहन के खंड-खंड होने के कारण उसका नंबर भी नहीं पता चला है। इससे वाहन के स्कूटर या बाइक होने में संशय है। उन्होंने बताया कि ट्रेन के ड्राइवर, स्टेशन अधीक्षक या किसी और रेलवे अधिकारी की ओर से उन्हें मेमो नहीं मिला है। जिससे इस हादसे की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है।