कस्बे के जिंदबाबा स्थान के पास स्थित स्कूल के प्रधानाचार्य के घर में घुसकर शुक्रवार की सुबह चोरों ने 30 हजार की नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने व्यापार मंडल के दबाव में आकर बमुश्किल चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के जिंदबाबा स्थान के पास नंदकिशोर श्रीवास्तव का घर है। वह घर के पास स्थित शांती देवी सहजराम स्कूल तथा उनकी पत्नी सरिता श्रीवास्तव रकेहटी में स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की प्रधानाचार्य हैं। दोनों लोग शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे घर के मेन गेट में ताला लगाकर स्कूल चले गए। दोपहर लंच के समय नंदकिशोर घर आए तो कमरे की कुंडी खुली थी। जब वे कमरे में गए तो देखा सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने घर में रखे 30 हजार रुपये, दो सोने की चैन, तीन जोड़ी टॉप्स, तीन जोड़ी सोने की अंगूठी, मंगल सूत्र, तीन जोड़ी पायल और एक मोबाइल चोरी कर लिया। नंदकिशोर ने बताया कि चोर घर के पीछे बनी दीवार फांदकर छत के माध्यम से घर में घुसे और सारा सामान चोरी कर ले गए। व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष दामोदर प्रसाद वर्मा और अन्य व्यापारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।