शहर से सटे गांव छाउछ में बुधवार की रात एक घर में पुलिस बताकर आधा दर्जन लोगों ने घर में तलाशी के दौरान उत्पात मचाया। बक्सों का ताला तोड़कर सामान बाहर फेंक दिया। घर में कई जगह गड्ढा खोदकर भी तलाशी ली। इसके बाद धमकाते हुए भाग निकले।
छाउछ निवासी अली अहमद ने गुरुवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया है कि बुधवार की रात करीब 12.30 बजे सात लोग खुद को पुलिस बताकर घर में घुसे, जिसमें तीन लोग पुलिस की वर्दी में थे। आरोप है कि घर में घुसते ही बड़े बक्से का ताला तोड़कर सामान फेंक दिया और तमंचे मांगते हुए उनके लड़कों के बारे जानकारी मांगी। आरोप है कि घर में घुसे असलहाधारियों ने महिलाओं से अभद्रता भी की। घर में जमीन की खोदकर तलाशी ली। कुछ न मिलने पर धमकाते हुए भाग निकले। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।