बड़े वाहनों की भी ली तलाशी, संदिग्धों से की पूछताछ
प्रभारी एसपी ने भ्रमण कर चेकिंग का किया निरीक्षण
लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी ए सतीश गणेश के आदेश पर शनिवार की रात जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। हाइवे के अलावा देहात क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर पुलिस ने बड़े और छोटे वाहनों की चेकिंग कर तलाशी ली। संदिग्ध मिले लोगों को वेरीफिकेशन करने के बाद छोड़ा गया। प्रभारी एएसपी दीपेेंद्र नाथ चौधरी ने भ्रमण कर चेकिंग का निरीक्षण किया और चेकिंग में लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश दिए।
आईजी जोन लखनऊ ने सभी हाइवे और देहात क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों पर शनिवार की रात 12 बजे से वाहन चेकिंग करने के निर्देश दिए थे। जिस पर खीरी पुलिस ने जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने फर्राटा भर रहे बड़े और छोटे वाहनों को रोककर विधिवत तलाशी ली। वाहन सवार लोगों की जामा तलाशी लेने के बाद आगे जाने दिया गया। संदिग्ध लगे लोगों को पुलिस ने रोक लिया और उनके नाम-पते आदि की पुष्टि करने के बाद छोड़ा। सभी सीओ के अलावा प्रभारी एसपी एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने रात में भ्रमण कर चेकिंग की वास्तविकता परखी। प्रभारी एसपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान हत्या, गैंगस्टर, चोरी आदि के मामले में फरार चल रहे करीब आधा दर्जन लोगों को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।