पलिया क्षेत्र के गांव छेदनीपुरवा निवासी परशुराम की हत्या का पुलिस ने
खुलासा कर दिया है। जुए में हारी रकम वापस न करने पर आरोपियों ने परशुराम
की हंसिए के ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने सर्विलांस की
सहायता से दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जुए में हारी
रकम वापस न मिलने पर हत्या करना कुबूल किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों
का चालान भेज दिया है।
बता दें कि शुक्रवार की शाम को बुद्धापुरवा गांव
को जाने वाले रास्ते के किनारे एक खेत में छेदनीपुरवा निवासी परशुराम
मौर्या का शव मिला था। उसके पेट, हाथ और सिर पर धारदार हथियार से वार के
निशान मिले थे। उसकी हत्या की आशंका परिवार वालों ने जताई थी, लेकिन रंजिश
से इंकार किया था। एसपी अरविंद सेन ने रात में ही मौैके पर जाकर घटना के
शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश की तहरीर पर
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस
को इस दौरान गुत्थी सुलझाने के लिए एक कड़ी भी मिल गई थी। शव मिलने के
स्थान से करीब कुछ दूर ताश की गड्डी और बीयर की तीन बोतलें मिली थीं। मृतक
के शव के पास से हंसिया भी मिला था, लेकिन उसका मोबाइल गायब था। पुलिस ने
सर्विलांस की मदद सेे एक अभियुक्त बुझिया निवासी सचिन को ट्रेस किया, जिसने
घटना वाले दिन पांच बार परशुराम से बात की थी। प्रभारी निरीक्षक केपी
सिंह, एसआई अशोक कुमार ने साक्ष्यों के आधार पर सचिन मौर्या और दिलीप
निवासी बोझवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने
मृतक के साथ जुआ खेला था, जिसमें परशुराम जीत गया था। अभियुक्त सचिन के
मुताबिक वह 25 हजार और दिलीप 42 हजार रुपये हार गए थे।
ऐसे किया कत्ल
एसपी
अरविंद सेन ने बताया कि शुक्रवार को सचिन ने परशुराम को जुआ खेलने के लिए
बुलाया था, जिसमें बुझिया निवासी दिलीप भी शामिल था। परशुराम को लेकर तीनों
लोग साइकिल से पठाननपुरवा पहुंचे, चरस पी गई। इसके बाद तीनों लोग
बुद्धापुरवा-छेदनीपुरवा मार्ग पर पहुंचे, जहां सचिन और दिलीप ने साइकिल
रोककर परशुराम से रुपये मांगे। रुपये को लेकर दोनों का परशुराम से विवाद हो
गया, जिसमें दिलीप ने हंसिए से परशुराम के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद
सचिन ने पेट और गले पर हंसिए से प्रहार किए। जान बचाने के लिए परशुराम भागा
तो दोनों आरोपियों ने उसे दौड़ा कर करीब 30 कदम दूरी पर कत्ल कर दिया।
इसके बाद दोनों फरार हो गए।