बल्लीपुरकलां में पंचायत की जमीन को लेकर हुए झगड़े में पांच लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंचे हलका दरोगा ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। आरोप है कि घर की टटिया भी गिरा दी।
बल्लीपुरकलां निवासी राजेश एएनम सेंटर के पास कई साल से पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। इसी जमीन पर वह नींव भरकर रह रहा था। जिसकी भनक पंच कैलाश को लगने पर उसने इसकी सूचना ग्राम प्रधान अनिल को दी। प्रधान ने पुलिस को बुलाकर कार्य रुकवा दिया और हिदायत दी की जब तक फैसला न हो निर्माण न किया जाए लेकिन सोमवार को फिर से नींव भरना शुरू कर दिया। गांव के कई पंच और कुछ लोगों ने नींव भरने का विरोध किया और घर की टटिया को गिरा दिया। जिससे झगड़ा काफी बढ़ गया और लाठी डंडे चलने लगे। इसमें राजेश पक्ष के 60 वर्षीय रामविलास, सुशीला देवी, नीलम देवी और पंच कैलाश समेत पांच लोग जख्मी हो गए। सूचना पाकर पहुंचे हलका दरोगा संदीप ने राजेश पक्ष के घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।