- सवार चार मजदूर जख्मी, एक जिला अस्पताल रेफर
पलिया निघासन स्टेट हाईवे पर पुलिस चौकी के पास एक ओवरलोड ईंट भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पलट जाने से उस पर बैठे चार मजदूर जख्मी हो गए। उन्हें पुलिस ने पलिया सीएचसी पहुंचाया, जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बीसलपुर भट्टे से ट्रैक्टर ट्रॉली में ओवरलोड ईंट भरकर चालक पप्पू कस्बे में किसी के यहां देने आ रहा था। शनिवार की सुबह करीब छह बजे कस्बे की पुलिस चौकी के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इसमें ट्रॉली के ऊपर ईंटों पर बैठे मजदूर संजीव, रामऔतार, पिंटू और मुनींदर ईंटों के नीचे दब कर बुरी तरह जख्मी हो गए। चीखें सुनकर मौके पर पहुंचे चौकी पुलिस के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से ईंटों के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला और एक वाहन से सभी को पलिया सीएचसी पहुंचाया, जिसमें मजदूर मुनींदर की हालत गंभीर होने पर उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। करीब दो घंटे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली और ईंटों को हटाया जा सका।