खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर, पुलिस को जानकारी दी
कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरिया डीह में सिकंद्राबाद रोड के किनारे बने एक घर में चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर 1.25 लाख की नकदी सहित लाखों के जेवर चोरी कर लिए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
सिकंद्राबाद रोड पर नगर से सटे गांव पिपरिया डीह झाला निवासी सुरेंद्र सिंह के घर में चोर 8/9 मई की रात खिड़की की ग्रिल काटकर घुस गए। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह और उनके भाई नरेंद्र सिंह अपने पूरे परिवार सहित रविवार रात को गर्मी होने के कारण छत पर सोए थे। रात में तीन बजे जब उनकी पत्नी सुषमा सिंह छत से नीचे आयीं तो घर का पूर्व और पश्चिम के दोनों दरवाजे खुले देखकर सन्न रह गईं और उन्होंने शोर मचाकर सभी को जगाया। जब वह अपने भाई और बच्चों सहित नीचे आए तो देखा घर के पिछवाड़े की खिड़की की ग्रिल कटी थी और दोनों कमरे भी खुले थे। जब उन्होंने कमरों के अंदर जाकर देखा तो अंदर सेफ टूटी थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि सेफ में रखे 1.25 लाख रुपये नकद नदारद थे। उनकी पत्नी सुषमा ने बताया कि पांच सोने की अंगूठी, दो नाक के फूल, चार जोड़ी चांदी की पायल, 15 चांदी के सिक्के, एक चेन, एक मंगलसूत्र और तीन पैंडिल की माला चोरों ने चुरा लीं। नानक चौकी इंचार्ज बीपी यादव ने घटनास्थल का मुआयना किया।
--
बेखौफ होकर चोरी को दिया अंजाम
पिपरिया डीह में दिन रात व्यस्त रहने वाली सिकंद्राबाद रोड पर बनी सुरेंद्र सिंह के मकान में चोरों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। सुरेंद्र ने बताया कि चोरों ने घटना के दौरान फ्रिज में रखी पानी की बोतलें खाली कर दीं। खिड़की की ग्रिल काटते समय उसी जगह पर पान पुड़िया खाकर थूका। वहीं पास में चोरों ने लघुशंका भी की।
--
पुलिस गश्त न लगने से चोर बेखौफ
सुरेंद्र और उनके भाई नरेंद्र सिंह के साथ ग्रामीणों में पुलिस गश्त न होने से रोष है। उनका आरोप है कि पुलिस गश्त न होने से चोर बेखौफ हैं, जिन्होंने व्यस्त सिकंद्राबाद रोड पर बने मकान को निशाना बनाया है।
--
इससे पहले भी गांव में हो चुकी हैं घटना
पिपरिया डीह निवासी सतीश सिंह के घर में एक साल पूर्व भी इसी तरह चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया था, जिसमें नकदी, जेवर सहित लाखों का सामान चोरी हुआ था। पुलिस की निष्क्रियता के चलते बेखौफ चोरों ने गांव में पुन: घटना को अंजाम दिया।