गांव ढखवा गदियाना में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। गनीमत रही कि कोई भी घायल नहीं हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों के पास से दो बंदूक कब्जे में लेकर उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। फायरिंग से गांव में दहशत है। सीओ मोहम्मद इब्राहिम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना क्षेत्र के गंाव ढखवा गदियाना निवासी मटरू शुक्रवार की सुबह गांव के ही नसरत अली के घर से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे कई लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। मटरू के विरोध करने पर उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह वह जान बचाकर गांव की ओर भाग आया। फायरिंग की सूचना मिलते ही मटरू पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए और गांव के अंदर ही फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधा घंटा दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सीओ मोहम्मद इब्राहिम, एसओ रामकुमार मय फोर्स के पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दो बंदूकेें भी जब्त की गई हैं।
एसओ रामकुमार यादव ने बताया कि कई बार दोनों पक्षों में बवाल हुआ है। शुक्रवार को भी दोनों पक्षों में फायरिंग हुई थी। मामले की जांच के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।