मोहम्मदी-शाहजहांपुर रोड पर अखयराजपुर चौराहे के पास शाहजहांपुर की ओर से तेज गति से आ रही स्कार्पियो की चपेट में आकर एक वृद्धा जख्मी हो गई। इलाज के लिए उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
गांव अखयराजपुर निवासी सरस्वती देवी (70) बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब मोहम्मदी के भारतीय स्टेट बैंक से पैसा निकालकर घर वापस जा रही थी, तभी अखयराजपुर के पास शाहजहांपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। एसएसआई राम सिंह पवार ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है जबकि चालक मौका पाकर फरार हो गया। मृतका के दो पुत्र हरद्वारी तथा रामदयाल और दो पुत्रियां प्रेमा व जदुरानी है। सरस्वती के नाम ढाई बीघा भूमि है।