- पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
- पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर किया चालान
ढखेरवा चौकी के गांव जम्हौरा में एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी पति रमेश को गिरफ्तार कर चालान भेजा हैं।
गांव चचरा निवासी राजकिशोर ने बताया कि उसकी बहन पुष्पा का विवाह इसी थानाक्षेत्र के गांव जम्हौरा निवासी रमेश के साथ छह माह पहले हुआ था। आरोप है कि दहेज में चार पहिया वाहन की मांग कर ससुराल के लोग उसकी बहन को मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। इसी बात को लेकर शुक्रवार देर शाम बहन पुष्पा की कहासुनी पति और जेठानी से हो गई थी, जिसके चलते बहन की पिटाई की और गला दबाकर मार डाला। बाद में आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से पति रमेश, ससुर जगदीश प्रसाद, जेठ विजय कुमार, सास तथा जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक डीसी मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।