सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव वाजपेयी में एक नवविवाहिता का शव फांसी पर लटकता मिला। मृतका की शादी सात माह पूर्व हुई थी। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपी पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम वाजपेयी निवासी अजीत वर्मा की शादी फरवरी 2015 में फरधान क्षेत्र के गांव शिवराजपुर निवासी प्रमोद कुमार की पुत्री 20 वर्षीय प्रीती वर्मा के साथ हुई थी। सोमवार को दोपहर में प्रीती वर्मा का शव घर में फांसी पर लटकता हुआ मिला, जिसकी जानकारी मिलने पर मायके वाले गांव पहुंचे। मृतका के पिता प्रमोद ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाल रंजीत सिंह यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति अजीत वर्मा समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
------
आरोपी शिक्षिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
लखीमपुर खीरी। फत्तेपुर सैधरी निवासी उमेश कुमार कश्यप की पुत्री शालू कश्यप के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के प्रयास मामले में कोतवाली पुलिस ने कृषक समाज इंटर कॉलेज बालिका विभाग की शिक्षिका रश्मि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शालू कश्यप कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है, जिसने शनिवार को घर आकर फांसी लगा ली थी। परिवार वालों ने भनक लगते ही उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया था। इस मामले में छात्रा की मां गीता कश्यप ने आरोप लगाया कि शिक्षिका रश्मि आए-दिन शालू के साथ मारपीट करती थी। घटना वाले दिन भी शिक्षिका ने उसके साथ मारपीट की थी। कोतवाल रंजीत सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।