कोतवाली तिकुनियां की बेलरायां चौकी क्षेत्र के गांव बदालपुरवा में खून के रिश्ते शर्मसार हो गए। स्कूल की फीस जमा करने के लिए रुपये न देने से नाराज बेटे ने बगौड़ी के प्रहार से अपने पिता की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मृतक की पत्नी की तहरीर पर उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम पंचायत डांगा के ग्राम बदालपुरवा निवासी गुड्डी देवी ने बताया कि पुत्र गुड्ड उर्फ दीपक गायत्री इंटर कॉलेज निघासन में कक्षा 12 का छात्र है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे गुड्डू ने घर में अपने पिता चुन्नालाल यादव (45) से स्कूल में फीस जमा करने के लिए 500 रुपये मांगे। इस पर चुन्नालाल ने रुपये न होने की बात कहकर मना कर दिया। इस पर गुड्डू नाराज हो गया और पिता से गाली गलौज शुरू कर दिया। इस बीच पिता चुन्नालाल ने गालीगलौज का विरोध किया तो गुड्डू ने घर में रखी बगौड़ी से पिता पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर चुन्नालाल जमीन पर गिर गया। पिता को जमीन पर गिरते देख गुड्डू मौके से भाग निकला। उधर कुछ देर में ही चुन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी गुड्डी ने बताया कि पति अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्री के अलावा 20 बीघा जमीन छोड़ गया है। इस घटना की भनक मिलते ही घर पर लोगों का तांता लग गया है। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में दबिश दे रही है।
कोतवाली निरीक्षक, तिकुनियां सीबी सिंह ने बताया कि घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर गुड्डू उर्फ दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया हैै। पिता की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश देगी।