चोराें ने मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी बैंक कर्मचारी के घर को बनाया निशाना
घटना गटक गई पुलिस, नहीं दर्ज की रिपोर्ट
बेखौफ चोरों ने शहर की मिश्राना पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी इलाहाबाद बैंक कर्मचारी के मकान का ताला तोड़ कर घर में घुस आए और अलमारी का लॉकर आदि तोड़कर उसमे रखी 17 हजार रुपये की नगदी-जेवर समेत करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी कर ले गए। बैंक कर्मचारी के पुत्र ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन चौकी पुलिस घटना को छुपा गई और इसकी जानकारी शहर कोतवाली पुलिस को भी नहीं दी, न ही घटना की रिपोर्ट दर्ज की।
मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी आलोक नाथ ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर हैं और शाहजहांपुर में रहते हैं। उनकी मां इलाहाबाद बैंक शाखा, हरदोई में दफ्तरी हैं। मोहल्ला शास्त्रीनगर स्थित मकान पर किराएदार रहते थे। वह खुद हफ्ते में एक दो बार आते-जाते थे। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को किराएदार मकान छोड़ कर चले गए। घर के मेन गेट और सभी कमरों में ताला लगा हुआ था। गुरुवार की शाम जब वह शाहजहांपुर से वापस मकान पर आए तो देखा मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर घुसने पर देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर भी खुला पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी होने पर आसपास के तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर चौकी मिश्राना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। आलोक नाथ ने बताया कि चोर लॉकर में रखे 17 हजार रुपये, एक सोने की चेन, तीन अंगूठियां, बर्तन समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने घटना की तहरीर मिश्राना चौकी पुलिस को दी, लेकिन चौकी पुलिस ने न तो मामले की जानकारी शहर कोतवाली पुलिस को दी और न ही रिपोर्ट दर्ज ही नहीं की। मिश्राना चौकी इंचार्ज जेपी यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।