शहर में दिनदहाड़े युवकों ने दबंगई दिखाते एक घर में घुसकर अकेली महिला के हाथों में चाकू मारकर जख्मी कर दिया। युवकों ने तमंचे से फायर करने की कोशिश की, लेकिन कारतूस मिस हो गई। आरोप है कि दबंग युवक बेवजह उसे कई दिनों से अभद्रता कर परेशान कर रहे थे।
मोहल्ला हिदायतनगर निवासी इरफान की पत्नी गुलनिशा ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कई बार युवकों ने उसका पीछा भी किया। मंगलवार को दोपहर में वह अपनी बच्ची के साथ घर में अकेली थी, तभी चार-पांच युवक घर में घुस आए और पति का नाम लेकर धमकी देने लगे। इसके बाद गुलनिशा से भी अभद्रता की। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उसके हाथ में चाकू मार दिया। जिससे वह जख्मी हो गई। गुलनिशा की सूचना पर काम करने गया पति इरफान लौटा और पत्नी को लेकर सदर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने पीड़ित महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया है, लेकिन अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है। इधर शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि महिला की तहरीर मिली है, जिसकी छानबीन कर कार्रवाई की जा रही है।