मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया मारकर लटकाने का आरोप
पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
गांव सरगड़ा निवासी एक व्यक्ति की पत्नी का शव उसी के कमरे में कुंडे से लटकता पाया गया। मायके वालों ने दहेज की खातिर विवाहिता को मारकर लटकाने का आरोप ससुरालवालों पर लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव सरगड़ा निवासी अनिरुद्ध की 25 वर्षीय पत्नी रेशमा का शव बुधवार को उसी के बेडरूम में रस्सी के सहारे छत के कुंडे से लटकता मिला। सूचना पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। थाना ईसानगर के गांव भेडहिया निवासी मेवालाल ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले अपनी बेटी की शादी की थी। दहेज के लिए उसकी बेटी की ससुराल वालों ने हत्या कर दी और आत्महत्या दर्शाने के लिए उसके शव को कुंडे से लटका दिया। कोतवाल रामजी चौधरी नें बताया कि मृतका के पिता की ओर से पुलिस ने पति, ससुर मैकूलाल और सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।