चौकी क्षेत्र के गांव भंगहा में जमीन के लिए हुए विवाद दबंगों ने तमंचों
से फायरिंग करते हुए एक अधेड़ पर हमला बोल दिया और बांके से प्रहार कर उसे
अधमरा कर दिया। इस दौरान छर्रे लगने से महिला समेत दो अन्य लोग जख्मी हो
गए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
रविवार की सुबह भंगहा
निवासी कौशल पंडित गांव के ही मिट्ठू लाल के घर से चाय पीकर अपने घर जा रहे
थे। तभी गांव के कुछ दबंगों ने धारदार हथियारों और तमंचों से लैस होकर
हमला बोल दिया। दबंगों ने फायरिंग करते हुए कौशल पंडित के सिर में बांके और
भाला से हाथ-पैरों में कई जगहों पर प्रहार किए।
फायरिंग के बीच कौशल
को बचाने के लिए मिट्ठू लाल का भाई दुलारे और रिश्तेदारी में आई
मुराउनपुरवा गांव की बुजुर्ग महिला श्यामा देवी छर्रे लगने से जख्मी हो गए।
तीनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां कौशल पंडित की हालत गंभीर
बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने रवही पुल के पास से दो आरोपियों
को हिरासत में ले लिया है।
वहीं मिट्ठूलाल का कहना है कि उसकी तीन एकड़
जमीन नदी में कट गई थी। इसी जगह पर कब्जे को लेकर काफी समय से विवाद चल
रहा था। इससे पहले भी जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हो चुकी है। शहर कोतवाल
शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जल्द रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के
खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।