- शनिवार को दोबारा पैनल से हुआ मेडिकल परीक्षण
- डॉक्टरी परीक्षण में नहीं हुई रेप की पुष्टि
मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र की एक 10 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप होने की पुष्टि तीन डॉक्टरों के गठित पैनल से भी नहीं हुई। मेडिकल परीक्षण में उसके शरीर और भीतरी अंगों पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
बतादें कि कोतवाली मैगलगंज की एक कक्षा 10 की छात्रा का आरोप था कि वह बुधवार को छुट्टी होने पर साइकिल से अपने घर जा रही थी। रास्ते में औरंगाबाद के तीन युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। पुलिस पर आरोप था कि पुलिस ने तहरीर छेड़खानी की लिखवाकर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। भाजपा के पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा के हस्तक्षेप पर पुलिस ने अगले दिन छात्रा को सीजेएम कोर्ट में पेश कर बयान कराए थे और जिला महिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया था। मेडिकल परीक्षण में रेप की पुष्टि नहीं हुई थी। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम जी पांडेय, पन्नालाल अग्रवाल समेत कई भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को पीड़िता के घर जाकर घटना की जानकारी ली थी और मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए थे। भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने पैनल से डॉक्टरी परीक्षण कराने की मांग की थी। एसपी अखिलेश चौरसिया के आदेश पर शनिवार को पुलिस ने गठित तीन डॉक्टरों के पैनल से छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया। परीक्षण में रेप की पुष्टि नहीं हुई।