शहर के टुन्नूसिंह चौराहे पर सिपाही की पुत्री से गले की चेन और ब्रेसलेट लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके भाई के दो हत्यारोपी लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शहर के सेठघाट रोड स्थित मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी वर्षा सिंह ने बुधवार की रात सदर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह स्कूटी से टुन्नूसिंह चौराहे पर जा रही थी, तभी अनुज दीक्षित और अनूप रस्तोगी नामक दो युवक उसकी चेन और ब्रेसलेट लूट कर भागने लगे। उन्हें पकड़ने के प्रयास में एक युवक का टीशर्ट भी निकल गई पर वह भागने में सफल रहा। पुलिस ने वर्षा सिंह की तहरीर मिलने पर लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वर्षा के मुताबिक लूटपाट करने वाले दोनों युवक दो साल पहले हुए उसके भाई विक्रम सिंह की हत्या के मामले में भी आरोपी थे।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई बलवे की रिपोर्ट
इस मुकदमे में आरोपी अनुज दीक्षित की भाभी रंजना दीक्षित ने तहरीर देकर वर्षा सिंह और चार-पांच अज्ञात युवकों पर बलवा करने और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि अनुज टुन्नूसिंह स्थित अपने घर पर था, तभी वर्षा सिंह ने अज्ञात लोगों के साथ पहुंचकर अनुज को मारा और जब उसने विरोध किया तो उसे भी साथियों के साथ मिलकर मारा-पीटा और धमकी दी।
चौकी इंचार्ज, मिश्राना हंसमती ने बताया कि प्रथम दृष्टया छानबीन में टुन्नूसिंह चौराहे पर लूट या मारपीट की कोई घटना सामने नहीं आई है। पूर्व के विवाद के कारण एक-दूसरे पर आरोप लगाना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों की तहरीर मिलने पर उनके मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जांच में सब साफ हो जाएगा।