फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुटती रही पब्लिक सोती रही पुलिस 

Sun, 28 May 2017 11:49 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  लखीमपुर खीरी। 
विज्ञापन
loot - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
मैगलगंज, निघासन में लूट, भीरा के सात घरों में चोरी
बदमाशों के सामने बेबस हुई खीरी पुलिस 
बेखौफ बदमाशों और चोरों ने शनिवार को खीरी पुलिस को एक बार फिर चुनौती दी। मैगलगंज में कोतवाली के सामने गांव धर्माखेड़ा के एक घर में घुसकर लूटपाट की। वहीं निघासन में बाइक सवार को घायल कर नकदी, मोबाइल लूट लिया। थाना भीरा क्षेत्र के गांव मुडिया हेमसिंह के सात घरों पर हाथ साफ कर नगदी-जेवर समेत लाखों का माल ले गए। पुलिस अपराधियों के सामने बेबस नजर आ रही है। निघासन और भीरा में हुई वारदात की पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। 
वारदात: एक 
सात घरों में चोरी से थर्राए मुडिया हेमपुर वासी
2.34 लाख की नगदी समेत 10 लाख के जेवर चोरी 
बिजुआ चौकी पुलिस की गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल 
गुलरिया। पुलिस चौकी बिजुआ के गांव मुडिय़ा हेमसिंह निवासी वनरक्षक रामनरेश वाल्मीकि के घर चोर दीवार पर चढ़कर जीने के सहारे अंदर पहुंचे। कमरे के अंदर रखे दो बक्से, एक बडी अटैची उठाकर पडोस के गन्ने के खेत मे ले जाकर तोड़ दिया। वनरक्षक ने बताया कि चोर बक्सों व अटैची में रखी एक जोडी झुमकी, एक अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, एक नथुनी, सोने की एक बाली, एक मंगलसूत्र, तीन जोडी पायल, चांदी के दो सिक्के, चार हजार की नगदी चोरी कर ली। इसके अलावा घर में रखे फूल की पांच थाली, पांच लोटा, एक मोबाइल समेत करीब तीन लाख का सामान लेकर चंपत हो गए। अजय भार्गव के घर से अलमारी तोड़कर झुमकी, एक जोड़ी मटरमाला, दो मांगबेदी, तीन नाक के फूल, एक झुलनिया, एक जोड़ी टप सोने के, दो जोड़ी पायल  एक हथफूल, कमर बिछुआ, चांदी की एक जंजीर 15000 रुपये, मेहदीहसन के घर से उठाकर लाए गए चार बक्सों को तोड़कर सात तोला सोने के जेवर व डेढ़ किलो चांदी के जेवर और 1.10 लाख की नगदी ले उड़े।  चोर पडोस के अमरुद्दीन के घर 30 हजार रुपये, एक तोला सोने के जेवर, कोटेदार रामनरेश शुक्ल के घर से 30 हजार रुपये, एक जोडी झुमकी, मंगलसूत्र, जेवरी, कुलदीप शर्मा के घर से एक जोडी पायल, 3200रुपये की नकदी, रामनरेश प्रजापति के घर से एक चेन, दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, एक झुलनिया सोने की, एक जोडी पायल, दो मोबाइल और 45 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। अजय भार्गव के घर को छोड़कर सभी घरों से चोर बक्से आदि उठाकर गन्ने के खेत में लाए और वहीं तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। सुबह खाली बक्से आदि गन्ने के खेतों में बरामद हुए हैं। 
विज्ञापन

 
गांव के बाहरी छोर पर बने मकानों को बनाया निशाना
गुलरिया। गांव हेमपुर मुडिय़ा में एक ही रात सात घरों से लाखों रुपये की हुई चोरी की वारदात से गांव के लोग थर्रा उठे हैं। खासबात यह है कि चोरों ने गांव के बाहरी छोर पर स्थित सातों मकानों को अपना निशाना बनाया है। चोरियों की सूचना पर सुबह करीब चार बजे यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने चोरों की तलाश की, लेकिन कोई अतापता नहीं चला। 
 
पुलिस गश्त करती रही और हो गई चोरी 
बिजुआ चौकी इंचार्ज उमाशंकर त्रिपाठी की माने तो वह रात दो बजे गश्त के दौरान मुडिया हेमसिंह में थे। गाड़ी का हूटर खराब था। इसलिए हूटर नहीं बज रहा था। इससे यह बात साफ हो गई है कि चोर पुलिस की मौजूदगी में घटना को अंजाम देते रहे और पुलिस रात में गांव में गश्त करती रही। इससे पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लग गए हैं। 
 
बदमाशों ने पिटाई कर युवक से नगदी-मोबाइल लूटा, घायल 
लिफ्ट के बहाने से रुकवाई थी बदमाशों ने बाइक 
पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट, पीड़ित को टरकाया 
निघासन। थाना क्षेत्र के खडरिया फार्म निवासी सतनाम सिंह पलिया थाना क्षेत्र के गहरा फार्म से शनिवार की शाम करीब नौ बजे घर वापस आ रहे थे। सलीमाबाद के पास एक व्यक्ति ने हाथ हिलाकर लिप्ट मांगी। बाइक रुकते ही दो अन्य बदमाश झाड़ियों से निकलकर बाहर आ गए। सतनाम सिंह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने उनके सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए और बाइक समेत सड़क पर गिर गए। सतनाम सिंह ने बताया बदमाश उसकी जेब से पांच हजार रुपये की नगदी और एक मोबाइल लूट लिया। इसी बीच निघासन से पलिया की ओर एक चार पहिया वाहन आता देख बदमाश भाग निकले। घायल अवस्था में सतनाम सिंह घर पहुंचे। वहां से वह रात में ही थाने पहुंचे और घटना बताई। पुलिस ने रात में चलने पर उल्टे ही उसे आड़े हाथों ले लिया और खूब हड़काया। बाद में मजरूबी चिट्ठी बनाकर उसे सीएचसी में भर्ती कराया है। कोतवाल जयकरन सिंह ने बताया कि घायल का मेडिकल करा दिया गया है। जांच के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

कोतवाली के सामने बदमाशों ने घर में घुसकर की लूटपाट 
नकब लगाकर घर में घुसे बदमाश 
परिवार वालों को बंधक बनाकर की वारदात
हैरमखेड़ा खीरी। गांव धर्माखेड़ा निवासी सुभाषचंद्र यादव का मकान कोतवाली से चंद कदम दूरी पर है। शनिवार की रात करीब एक बजे बदमाश नकब लगाकर घर के अंदर घुस गए और परिवार वालों को तमंचों के बल पर कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने उनकी पिटाई की और एक कमरे में बंद कर दिया। गृहस्वामी सुभाषचंद्र यादव ने बताया कि बदमाशों की संख्या करीब सात थी। सभी बदमाश नकाब पहने थे। बदमाश घर 50 हजार की नगदी, दो मोबाइल, कालाटिका, पांच जोड़ी पायल, तीन अंगूठी, कमर बिछुआ एक करधनी और बर्तन आदि सामान लेकर भाग निकले। बदमाशों के जाने की आहट मिलने के बाद शोरशराबा किया तो आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजा खोला और उन्हें बाहर निकालकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। 
विज्ञापन


तहरीर बदलवाकर लिखी चोरी की रिपोर्ट 
मैगलगंज। गृहस्वामी सुभाषचंद्र यादव ने पुलिस को लूटपाट होने की तहरीर जब दी तो तहरीर देख पुलिस ने उसे वापस कर दिया और चोरी की तहरीर लिखवाकर देने का दबाव बनाया। बाद में पुलिस ने अपने मनमाफिक तहरीर लिखवाई और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें