थाना क्षेत्र के गांव नकहा पिपरी से सोते समय अपहृत किए गए 10 वर्षीय बालक सलमान को पुलिस ने नाटकीय अंदाज में चौथे दिन मुक्त कराने का दावा किया। पुत्र की सकुशल वापसी पर मां-बाप ने चैन की सांस ली है। वहीं पुलिस ने बालक के अपहरणकर्ताओं को भी दबोचने का दावा किया है लेकिन अभी उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।
सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सलमान के अगवा होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से कई टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया था। कई दिन तलाश के बाद पिपरावां पुलिया के पास से सलमान को मुक्त कराया जा सका। वहीं सलमान के पिता अजीज अहमद का कहना है कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे सलमान पुलिसकर्मियों के साथ घर पहुंचा, बाद में पुलिस सलमान को लेकर थाने गई और उसका मेडिकल कराया।
सलमान ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसे गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया था। इस दौरान उसे कोई शारीरिक यातना नहीं दी। इधर पुलिस ने दावा किया इस मामले में कई अपहरणकर्ताओं को पकड़ा है, उनसे कई बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के नामों का खुलासा नहीं किया है। अभी पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि सलमान के पिता को किए गए फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया तो पुलिस का काम आसान हो गया। इससे बदमाशों की लोकेशन ट्रेस कर ली गई।