पुलिस ने नकदी और तमंचा बरामद किया
सगी बहनों के अपहरण मामले के एक आरोपी को पुुलिस ने गिरफ्तार कर उसका चालान भेजा है। पुलिस ने उसके पास से अपहरण कांड में बंटवारे के मिले 10500 रुपये, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा भी किया है। एसओ ने बताया कि इसके पहले आठ आरोपी जेल जा चुके थे। इस आरोपी की पुलिस की काफी दिनों से तलाश थी।
एसओ सिंगाही संजय यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खैरीगढ अपहरण मामले के अंतिम आरोपी जब्बार को कालेशरन तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और अपहरण के दौरान बंटवारे में मिले 10500 रुपये मिले। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपनी मां को पैसा देने कस्बा स्थित अपने झाले पर आया था। पैसा देने के बाद वह नेपाल भागने की फिराक में गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे कालेशरण तिराहे पर वाहन के इंतजार में था। पुलिस ने आरोपी जब्बार को सीएचसी में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद जेल भेजा। पुलिस ने बताया कि इसके पहले इसी मामले के आरोपी चन्नी, राजकुमार, जान मोहम्मद, कुलवंत, जब्बार, गुरमीत, पिद्दी समेत आठ लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
बताते चलें कि जंगल किनारे बसे गांव खैरीगढ निवासी रामबली गुप्ता की बेटियों उपमा (22), रोहिणी (21), संतोषी (18) का बीती 16 जनवरी को छह बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के तीन दिन बाद फिरौती देने के बाद परिवार वालों ने तीनों को बदमाश के चंगुल से छुड़ाया था। रामबली गुप्ता ने एक सप्ताह पहले जब्बार पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।