पसगवां पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने अंतर्राज्यीय गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार कर एक माह पूर्व लूटे गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद करने का दावा किया है। गिरोह के तीन सदस्य भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
सीओ एसी श्रीवास्तव ने बताया कि गत 28/29 अप्रैल की रात करीब 12.30 बजे एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली के चार बदमाशों ने मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर ग्राम सोहक के पास लूट लिया था। इसकी रिपोर्ट पसगवां थाने में ट्रैक्टर स्वामी मोहम्मदी कोतवाली के गांव मोहम्मदी सरायं निवासी आजाद खां ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने सूचना पर एक जून को मोहम्मदी-शाहजहांपुर रोड पर किरियारी मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बदमाश को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आए बदमाश ने अपना नाम मनोज कुमार गुप्ता मोहल्ला शाहूकारा थाना अल्लागंज जिला शाहजहांपुर बताया। उसके पास एक तमंचा दो कारतूस भी मिले। मनोज ने बताया कि उनके साथ जो तीन सदस्य थे उनमें सन्नू पंडित कासगंज के थाना पटियाली के मोहल्ला मिश्राना का निवासी और गिरोह का सरगना है। इसके अलावा फैयाज उर्फ विषैला साहूकारा अल्लागंज शाहजहांपुर तथा तीसरा आरोपी इटावा का सनोज यादव बताया गया है।
गिरफ्त में आए बदमाश ने बताया कि सन्नू पंडित चोरी के ट्रैक्टरों को अपने यहां एकत्र कर फर्जी कागजात तैयार कर उनकी बिक्री करता है। पुलिस का दावा है कि इस अभियुक्त की गिरफ्तारी से चोरी और लूट के और भी बड़े खुलासे हो सकेंगे। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी थाना बिलग्राम जिला हरदोई में कई अपराधों में जेल जा चुका है। इस अभियान में पसगवां एसओ देव सिंह यादव, मोहम्मदपुर ताजपुर चौकी इंचार्ज रमेश चंद्र यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह, आरक्षी सराफत खां आदि मौजूद रहे।