जिले में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार की देर शाम हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बाइक सवार घायल हो गया है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही हादसे गोला कोतवाली क्षेत्र में हुए।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव दतेली निवासी रामनाथ वर्मा (62) शनिवार की शाम को गोला से पैदल ही गांव लौट रहे थे। रास्ते में खुटार रोड पर एक निजी अस्पताल के पास बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें रामनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उन्हें सीएचसी गोला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रामनाथ ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गोला गोकर्णनाथ। अलीगंज रोड पर कैला देवी मंदिर के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बक्खारी निवासी 22 वर्षीय नरेंद्र कुमार अपने साथी गांव के ही निवासी प्रदीप कुमार के साथ अलीगंज से एक ही बाइक पर सवार होकर रात आठ बजे गांव जा रहे थे।
अलीगंज रोड पर कैला देवी मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी गोला लाया गया, जहां बाइक चालक नरेंद्र कुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और जबकि दूसरे घायल प्रदीप कुमार को गंभीरावस्था में लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने नरेंद्र के पिता बचनलाल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।