जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई है। निघासन में बस पलटने से दर्जन भर यात्री घायल हो गए। फूलबेहड़ के तेतारपुर के पास दो बाइकों की टक्कर में एक ग्रामीण की मौत हो गई। भीरा जंगल के पास पीलीभीत निवासी एक युवक की बाइक पेड़ से टकराने पर उसकी मौत हो गई। वहीं मितौली क्षेत्र में एक युवक की हादसे में मौत हुई है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव सर्वा निवासी 35 वर्र्षीय राकेश कुमार सोमवार की रात को बाइक से कोपा गांव से लौट रहा था। रास्ते में तेतारपुर के पास उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात में ही करीब पौने 11 बजे उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी घटना भीरा थाना क्षेत्र में भीरा जंगल के पास हुई, जिसमें बाइक चालक पीलीभीत के सेहरामऊ निवासी 25 वर्षीय वीरेंद्र कुमार की मौत हो गई। बताते हैं कि उसकी बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान वीरेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता केशव ने बताया कि वह राजमिस्त्री था। सोमवार को वह घर से निकला था।
निघासन। ढखेरवा चौकी क्षेत्र के ढखेरवा-लखीमपुर मार्ग पर मल्लबेहड़ साइफन के पास पलिया बस यूनियन की बस सवारियां लेकर जिला मुख्यालय से पलिया जा रही थी। मल्लबेहड़-सायफन के पास सामने से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने के फेर में बस सड़क पर बने गड्ढे में असंतुलित होकर रोड पर ही पलट गई। जिसमें दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीक के रमियाबेहड़ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायलों में पुरुषोत्तम, उसकी पत्नी पूनम, बेटे सरस, आकर्ष और बेटी सरिता निवासी बिनौरा, फूलमती निवासी जोखीपुरवा, अर्जुन निवासी कस्बा, सतीश निवासी गुरदीनपुवा सहित दर्जन भर लोग घायल हो गए। बीच मार्ग पर बस पलटने से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।
मितौली। थाना मैगलगंज के ग्राम रावन कला निवासी रामचंद्र का 20 वर्षीय संदीप मंगलवार को चंदीपुर से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में चंदीपुर के पश्चिम भट्ठे के पास मोड़ पर अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे ईंट के चट्टे से टकरा गई, जिसमें संदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।