जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि शाहजहांपुर के खुटार में हुए सड़क हादसे में मैलानी क्षेत्र के गांव राजेपुर निवासी एक युवक ने जान गंवा दी। इन हादसों में मृत एक युवक की शिनाख्त न होने के कारण उसका शव मोरचरी में रखवाया गया है, जिसका 72 घंटे बाद निस्तारण किया जाएगा।
मैलानी थाना के गांव राजेपुर निवासी 35 वर्षीय दिनेश कुमार बुधवार की शाम को खुटार से लौट रहा था। वह तिकुनिया बस स्टैंड तक पैदल ही जा रहा था, तभी रास्ते में धान मिल के पास एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसका प्राइवेट इलाज कराया गया। गुरुवार को परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, रास्ते में ही घायल दिनेश ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी नब्ज देखकर मृत घोषित कर दिया। दूसरे हादसे में सिंगाही थाना के गांव निबौरिया निवासी 25 वर्षीय सूर्यप्रताप बुधवार को हादसे में घायल हो गया, जिसके बाद परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान देररात घायल ने दम तोड़ दिया। तीसरे हादसे में घायल 25 वर्षीय युवक को गोला रोड से 108 एंबुलेंस ने बुधवार की शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। उसके पास शिनाख्त के लिए कोई कागजात या पहचान पत्र नहीं मिला है। लिहाजा डॉक्टरों ने शव को मोर्चरी में रखवाकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी है।
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजईकुंडा के पूर्व प्रधान के भाई की खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर का पिछला पहिया चढ़ने से मौत हो गई। बुधवार को पूर्व प्रधान शशांक शुक्ला का छोटा भाई 32 वर्षीय अभिशांत उर्फ शिशु शुक्ला खेत में ट्रैक्टर लेकर जुताई कर रहा था। तभी उसे ट्रैक्टर के सामने एक सांप दिखाई पड़ा, तो वह ट्रैक्टर रोक उसे डंडे से हटाने लगा। गेर में होने के चलते ट्रैक्टर अचानक चल पड़ा, जिसे रोकने के लिए अभिशांत ट्रैक्टर पर चढ़ने लगे। इस दौरान पैर फिसल जाने से वह नीचे गिर गए और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके शरीर पर चढ़ गया। ट्रैक्टर के पीछे जुड़े हैरो से उसका एक पैर भी कट गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बड़े भाई सुभ्रांत शुक्ला ने घायल अभिशांत को धौरहरा में डॉक्टरों को दिखाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर में एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, विधायक शमशेर बहादुर, चेयरमैन राजीव जायसवाल, ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा सहित सैकड़ों लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
महेवागंज। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में पूजागांव-आषाढ़ी मार्ग पर बाइक सवार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिसकी इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। रूरा सुल्तानपुर गांव निवासी 22 वर्षीय पप्पू गुरुवार की शाम को बाइक से दो लोगों को दाउदपुर छोड़ने गया था, जिसके बाद वह वापस घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।