मैगलगंज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव में एक महिला को जबरन उठाने आए दबंगों ने उसके पति को गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्र्रवाई नहीं की है।
बता दें कि सोमवार को चंदीपुर गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी को पड़ोस के गांव ककरहा निवासी सुखपाल सिंह जबरन उठाने आया था, जिसमें पति द्वारा विरोध करने पर सुखपाल ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया था। वारदात के बाद भाग रहे लोगाें में से एक हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। सुनील के परिवार वालों ने थाने में सुखपाल और मोनू सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसमें लाइसेंसी बंदूक का भी जिक्र है। घटना को तीन दिन बीतने के बाद भी अभी तक मैगलगंज पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित परिवार वालों और ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
छह माह पहले भी किया था दुस्साहस
वादी पक्ष ने बताया है कि करीब छह माह पहले भी आरोपी सुखपाल ने सुनील के घर में घुसकर उसकी पत्नी को ले जाने का प्रयास किया था, लेकिन विरोध के चलते वह घर से भाग गया था। इसकी तहरीर पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी, जिसके चलते दोबारा घटना हो गई।