थाना क्षेत्र से दो माह पूर्व लापता आठ वर्षीय बच्ची का सिर बुधवार को
सरायन नदी से बरामद हुआ, पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने उसकी
शिनाख्त की। तमाम कोशिशों के बाद भी धड़ बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने सिर
को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शिवाला बाजार निवासी जगजीवन लाल की
गांव में लखीमपुर-कस्ता मार्ग पर हवा भरने और पंक्चर बनाने की दुकान है। दो
माह पूर्व उसकी आठ वर्षीय पुत्री कोमल खेलते-खेलते कहीं गुम हो गई थी।
जगजीवन ने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई और खुद भी उसकी तलाश करता रहा।
बुधवार को सरायन नदी में कुछ लोगों ने एक लड़की का सिर देखे जाने की सूचना
पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार वालों से उसकी शिनाख्त कराई। इसके बाद
गोताखोरों को नदी में बच्ची का धड़ खोजने के लिए लगाया गया लेकिन काफी
प्रयास के बाद भी धड़ नहीं मिला। एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची के
सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और शेष हिस्से की तलाश कराई जा रही
है। इधर बच्ची की मौत की खबर से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।