मायके वालों ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा
क्षेत्र के गांव सिंगहा खुर्द निवासी शत्रोहन की पत्नी 22 वर्षीय सूमा का शव उसके ही घर के एक कमरे में कुंडे से लटकता मिला। उसके गले में रस्सी का फंदा कसा था। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर गला घोटकर हत्या करने और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कसबा सिंगाही के मोहल्ला भेड़ौरा निवासी गुड्डी देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सूमा की शादी साल भर पहले इसी थाना क्षेत्र के गांव सिंगाहाखुर्द निवासी सत्रोहन के साथ की थी। ससुराल वाले उसकी पुत्री को दहेज कम मिलने का ताना देकर मारपीट कर परेशान करते थे। अंगूठी और बक्शा देने की मांग कर रहे थे। इसी के चलते तीन महीने पहले उसकी पुत्री को मारपीट कर ससुराल वालों ने भगा दिया था। 14 जनवरी को संभ्रांत लोगों के बीच हुई पंचायत और समझौते के बाद उन्होंने पुत्री को ससुराल भेजा था। शनिवार को गांव के ही कुछ लोगों ने शव कमरे में लटके होने की सूचना दी। जब वह परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंची तो देखा पुत्री का शव कुंडे से लटक रहा था। गले में रस्सी का फंदा कसा था और एक सिरा कुंडे से बंधा था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पुत्री की गला घोटकर हत्या कर दी और आत्म हत्या दर्शाने के लिए शव को कुंडे से लटका दिया। मृतका की मां ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ सत्येंद्र कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मौखिक सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।