तहसील गोला के परगना कुकरा के लेखपाल कानूनगो साजिद खां ने ग्राम वनबुधेली निवासी अशफाक अहमद समेत पांच लोगों के खिलाफ जानमाल की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की नामजद रिपोर्ट हैदराबाद थाने में दर्ज कराई है।
परगना कुकरा के नायब तहसीलदार रामदेव निषाद, कानूनगो दर्जा प्राप्त लेखपाल साजिद खां और लेखपाल रणधीर सिंह को साथ लेकर डीएम तथा एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को वन बुधेली गांव में अशफाक अहमद और लाल मोहम्मद के बीच विवादित भूमि की पैमाइश करने गए थे। कानूनगो साजिद खां के अनुसार उन्होंने जैसे ही भूमि की पैमाइश शुरू की वैसे ही अशफाक और लाल मोहम्मद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए तथा एक दूसरे को जानमाल की धमकी देने लगे। राजस्व कर्मियों ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष उनसे भी भिड़ गए और अपशब्दों की बौछार कर पैमाइश कार्य बंद करा दिया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई।
मामला गंभीर होता देख बगैर पैमाइश किए वापस लौटे राजस्व कर्मियों साजिद खां ने एसओ को तहरीर देकर अशफाक अहमद समेत पांच के खिलाफ थाना में जानमाल की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।