फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैगलगंज के तीन गांवों के चार घरों में लाखों का डाका

Sun, 06 Nov 2016 10:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  हैरमखेड़ा (लखीमपुर खीरी)।
विज्ञापन
लूट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पुलिस की गश्त के बीच बदमाशों ने ढाया कहर, एक युवक घायल 
विज्ञापन

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, एक ही रात हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत, रिपोर्ट दर्ज 
 शनिवार की रात थाना मैगलगंज के बाईकुआं, कोटरी और ढखौरा गांव के चार घरों में करीब 12 बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। परिवार के सदस्यों को बांधकर जमकर पीटा। चारों घरों में बदमाशों ने एक ही अंदाज में घटनाओं को अंजाम दिया। खास बात ये रही कि पुलिस बाईकुआं गांव में सायरन बजाते घूमती रही और बदमाश घर वालों की पिटाई कर घटना को अंजाम देते रहे। बदमाश चारों घरों से एक लाख की नकदी और करीब तीन लाख के जेवर लूट ले गए। बदमाशों की पिटाई से एक युवक घायल हो गया। सूचना पर एसपी अखिलेश चौरसिया सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली। एक ही रात में हुई वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।  
विज्ञापन

सबसे पहले शनिवार की आधी रात बदमाश गांव बाईकुआं निवासी पूर्व प्रधान राम भूखन के घर दीवार कूदकर घुसे और मेन दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने सबसे पहले उनके छोटे पुत्र 10 वर्षीय धर्मेंद्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर कब्जे में ले लिया और परिवार वालों को शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए पूरे घर के सभी सदस्यों को कब्जे में कर लिया। इसके बाद सभी को बांधकर जमकर पिटा। घर में दहशत फैलाने के बाद बदमाशों ने घर खंगाला। पूर्व प्रधान ने बताया कि बदमाशों ने घर में रखे 50 हजार रुपये और 30 हजार के जेवर और एक मोबाइल लूट लिया। एक बदमाश तमंचा ताने खड़ा रहा और शेष बदमाशों के जाने के बाद वह भी कुछ देर बाद भाग निकला। बदमाश यहां के बाद एक किलोमीटर दूर स्थित गांव कोटरी निवासी गुमानी के घर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और परिवार वालों को गन प्वाइंट पर लेकर उनकी पिटाई की। शोर होने पर जब पड़ोसी राजेश मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने उसे भी कब्जे में कर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। बदमाश यहां से 20 हजार रुपये और इतने के ही जेवर लूट ले गए। यहां पर भी एक बदमाश तमंचा तानकर खड़ा रहा। शेष बदमाश जब चले गए तो वह भी खिसक गया। इसके बाद बदमाश गांव ढखौरा पहुंचे और रामपाल शर्मा और उनके सामने स्थित रमेश सिंह के घर को अपना निशाना बनाया। दोनों घरों में दीवार कूदकर एक साथ घुसे बदमाशों ने रामपाल शर्मा की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और 10 हजार रुपये, भैया दूज पर आई उनकी पुत्री आरती शर्मा के  करीब दो लाख रुपये के जेवर लूट लिए। रमेश सिंह ने बताया कि परिवार लखनऊ में रहता है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं मिला। उन्होंने बताया कि बदमाश 20 हजार रुपये लूट ले गए। सूचना पर एसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी मितौली सीओ निष्ठा उपाध्याय के साथ गांवों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना के बावत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर अजय सिंह को फटकार भी लगाई। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि चारों घरों में हुई घटना की रिपोर्ट धारा 395, 397 आईपीसी के तहत दर्ज की गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें