खून के रिश्ते शर्मशार
हैदराबाद के कुंवरपुर माफी निवासी लल्लूराम हत्याकांड
कर्जामाफी और किसान बीमा पाने के लालच में किया कत्ल
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर माफी में 17 जनवरी की रात लल्लूराम (65) की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के सनसनीखेज खुलासे में मृतक का बेटा अमरीश ही कातिल निकला। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर तमंचे सहित गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है। आरोपी बहुत जल्द ही बड़ा आदमी बनना चाहता था, जिसके लिए उसने अपने पिता का कत्ल कर दिया। इस घटना से एक बार फिर खून के रिश्ते शर्मसार हो गए हैं।
बता दें कि गांव कुंवरपुर माफी निवासी लल्लूराम की 17 जनवरी की रात उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अकेले अपने बग्गर में सोए थे। मृतक के बेटे अमरीश ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई थी। अमरीश ने पुलिस को दी तहरीर में किसी से रंजिश होने से इंकार किया था। वह पुलिस को भी गुमराह करता रहा। पुलिस की पैनी नजर उस पर भी थी। एसओ विश्वनाथ यादव ने बताया कि एसआई राजपाल सिंह ने संदेह के आधार पर अमरीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह टूट गया और सारा राज उगल दिया। अपने इकबालिया बयान में उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता लल्लूराम पर बैंक आदि का ढाई लाख रुपये कर्ज था। साथ ही उसे अपनी बेटी की शादी करनी थी। शराब पीने के आदी अमरीश और लल्लूराम के बीच नौ जनवरी 2016 की रात मारपीट भी हुई थी, जिस पर लल्लूराम ने उसे सुधरने को कहा था। उसने योजना बनाई कि लल्लूराम के मरने से कर्जा भी माफ हो जाएगा, साथ ही मंडी समिति से किसान बीमा की रकम मिल जाएगी। इससे वह बड़ा आदमी बन जाएगा और अपनी पुत्री की शादी धूमधाम से करेगा। इसी लालच में उसने लल्लूराम को मौत के घाट उतार दिया।