त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के मद्देनजर लखनऊ रेंज के डीआईजी देवेंद्र कुमार चौधरी ने शुक्रवार को सभी एसओ और प्रभारी निरीक्षकों के साथ गोष्ठी कर अपराध और निरोधात्मक कार्रवाईयों की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पाबंदी का उल्लंघन करने वालों से मुचलके की राशि वसूलने के साथ ही गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। सरकारी भवनों पर पोस्टर-बैनर लगाने वालों के विरुद्ध पब्लिक प्रापर्टी एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी देवेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव में शराब परोसने वालों या अन्य प्रलोभन देने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पाबंद किए गए व्यक्तियों द्वारा उल्लंघन किए जाने पर आरोपी से मुचलके की रकम वसूलने और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सरकारी भवनों पर प्रचार सामग्री चस्पा करने वाले प्रत्याशियों पर पब्लिक प्रापर्टी एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थानावार अपराधों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने संगीन एसआर केस में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए और जिन थानों की प्रगति खराब मिली उनके एसओ एवं प्रभारी निरीक्षकों को फटकार भी लगाई। वांछितों की गिरफ्तारी न होने की दशा में कुर्की कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान सरकारी या गैर सरकारी संपत्ति का नुकसान होने पर आरोपी से स्टीमेट के मुताबिक वसूली की जाएगी। डीआईजी ने दुर्गा पूजा और मोहर्रम पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई परंपरा पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसे आयोजनों में गड़बड़ी होने पर आयोजक को जवाबदेह माना जाएगा। गोष्ठी में एसपी अखिलेश कुमार चौरसिया, एएसपी एपी सिंह, सीओ सिटी एमपी सिंह, सीओ गोला एएस श्रीवास्तव, सीओ मोहम्मदी हरेंद्र यादव, सीओ धौरहरा मनोज यादव, सीओ मितौली मिथिलेेश दीक्षित, सीओ पलिया और निघासन समेत सभी एसओ एवं प्रभारी निरीक्षक शामिल हुए।
गोहत्या के दोषियों पर लगेगा गैंगेस्टर
डीआईजी देवेंद्र कुमार चौधरी ने पत्रकार वार्ता में दादरी हत्याकांड का हवाला देते हुए कहा कि गोहत्या पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद ऐसे मामले सामने आने से बड़ी घटना हो सकती है। लिहाजा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गैंगेस्टर भी लगाएं। उन्होंने ईनामी बदमाशों को पकड़ने या एनकाउंटर करने पर जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप मनचाहा थाना देने की घोषणा की। पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी ने पत्रकारों से बताया कि गोहत्या या तस्करी के मामले में ढिलाई कतई क्षम्य नहीं होगी। शासन ने इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश समस्त अधिकारियों और एसओ को दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में तनाव पैदा करने के साथ ही बड़ा बवाल पैदा कर सकती है, जैसा दादरी में हुआ। इसके अलावा डीआईजी ने फरार चल रहे ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर दिया है। उन्होंने ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी या इनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन राशि के साथ ही मनचाहे थाने में तैनाती करनेे का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 50 हजार के इनामी बदमाश बग्गा सिंह का जिक्र भी किया।