मैलानी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात घर में डकैती पड़ने का
ड्रामा रचकर एक युवक ने मोहल्ले वासियों और पुलिस को खूब छकाया। कई घंटे तक
पुलिस और मोहल्ले के लोग पशोपेश में रहे, बाद में मामला फर्जी पाए जाने पर
पुलिस ने सूचना देने वाले युवक पर ही मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।
पुलिस
के मुताबिक बांकेगंज कस्बे के मोहल्ला अमीननगर निवासी कालिका ने अपने ही
रिश्तेदारों को डकैती में फंसाने के लिए पूरा ड्रामा रचा। इस ड्रामे के तहत
उसने मंगलवार रात करीब एक बजे घर में डकैती पड़ने का शोर मचाया।
लोगों के
वहां पहुंचने पर घर के अंदर रखा सारा सामान बिखरा मिला, साथ ही कालिका घर
के आंगन में बंधा पड़ा कराहता दिखाई पड़ा।
लोगाें ने इसकी सूचना पुलिस को
दी। पुलिस के आने पर कालिका ने घर के अंदर पांच डकैत घुसने की बात कही,
साथ ही तीन डकैतों का पूरा हवाला और नाम पता तक बता दिया। पुलिस ने रात में
ही गोला में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
इस दौरान
पुलिस को कालिका की बताई कहानी पर शक हुआ। पुलिस ने जब कालिका से कड़ाई से
पूछताछ की तो असलियत सामने आई। बाद में पता चला कि दहेज एक्ट में बचाव को
लेकर कालिका ने डकैती का ड्रामा रचा। पुलिस ने झूठी सूचना देने पर कालिका
का चालान किया है।
चौकी इंचार्ज इकबाल हैदर के अनुसार बांकेगंज कस्बे के मोहल्ला अमीननगर
में डकैती की सूचना प्रथम दृष्टया फर्जी लगी। वादी की निशानदेही पर
गिरफ्तार हुए तीनों आरोपियों और कालिका का आमना-सामना होने पर मामले का
खुलासा हो गया।