गोला इंस्पेक्टर अब होंगे धौरहरा के नए कोतवाल
विधानसभा चुनाव से पहले काटे गए थे 35 पशु
विधानसभा चुनाव से पहले कोतवाली धौरहरा के गांव लहबड़ी में 35 गौवंशीय पशुओं की हत्या के मामले में आखिरकार कोतवाल पर गाज गिर गई। एसपी मनोज कुमार झा ने लापरवाही मिलने पर कोतवाल रामजी चौधरी को बृहस्पतिवार को सस्पेंड कर दिया है। गोला इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी को धौरहरा का नया कोतवाल बनाया है, जबकि शिकायत जांच प्रकोष्ठ प्रभारी अब गोला के प्रभारी निरीक्षक होंगे।
बतादें कि विधानसभा चुनाव मतदान से ठीक पांच दिन पहले थाना धौरहरा के गांव लहबड़ी में 35 गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने से तनाव फैल गया था। इससे नाराज विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली घेर ली थी साथ ही हाइवे जाम कर दिया था। पुलिस ने 17 लोगों को नामजद कर 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। गांव लहबड़ी कोतवाली क्षेत्र का एक ऐसा गांव है, जहां से गौमांस की तस्करी अवैध रूप से रामपुर, बरेली, मुरादाबाद सहित कई जिलों को की जाती थी। गौहत्या पर सरकार के कड़े रुख को देखते हुए एसपी भी सख्त हो गए। उन्होंने इस मामले में इंस्पेक्टर रामजी चौधरी को दोषी माना और उन्हें सस्पेंड कर दिया। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि इंस्पेक्टर गोला संतोष कुमार को धौरहरा का कोतवाल बनाया है, जबकि शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह को गोला का प्रभारी निरीक्षक पद पर भेजा गया है।