घर में मिला वृद्धा का रक्तरंजित शव, बहू भी बेहोश मिली
जेठ की तहरीर पर हत्या का मुकदमा, बहू हिरासत में
मोहल्ला अहिरान में एक बहू ने अपनी सास के सिर पर सिलबट्टा मारकर की हत्या कर दी। वृद्धा का रक्तरंजित शव घर की गैलरी में मिला। पास ही आरोपी बहू भी बेहोश पड़ी थी। खबर लगते ही लोगों की भीड़ लग गई, सीओ और एसओ भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के बड़े पुत्र ने बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी और मां में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। उसकी तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर बहू को हिरासत में ले लिया गया है। घटना स्थल से आला कत्ल भी बरामद हुआ है।
मोहल्ला अहिरान में मुख्य बाजार में नगर पालिका के पास स्व ओमप्रकाश की 62 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी अपने दो पुत्रों और बहू के साथ रहती हैं। बुधवार को दिन में करीब तीन बजे उर्मिला देवी का रक्तरंजित शव घर की गैलरी में पड़ा मिला और पास ही उनकी छोटी बहू बेहोश पड़ी थी। सूचना पाते ही सीओ एलडी भारती और एसओ मौके पर पहुंच गए। जांच की गई तो महिला के सिर पर किसी वस्तु से घातक प्रहार के निशान मिले। पास में मृतका की छोटी बहू ज्योति वर्मा बेहोश पड़ी हुई थी। मृतका के हाथ में किसी महिला के बाल भी थे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसी दौरान उनके बड़े पुत्र दीपक कुमार भी आ गए और पूरे मामले में बेहोश पड़ी छोटी बहू पर ही हत्या की आशंका जताई। पुत्र दीपक कुमार ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसमें कहा गया है कि वह ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। किसी काम से गौरीफंटा गया था। जहां पर उसको घटना की जानकारी मिली। उसने बताया कि काफी समय से छोटी बहू ज्योति और उसकी मां की लड़ाई हुआ करती थी। जिसकी वजह से उसकी पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके में रहने लगी थी। उसने अपने छोटे भाई की पत्नी पर ही मां के सिर पर चोट कर हत्या की शंका जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने ज्योति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्योति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसओ बृजराज यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतका की बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसओ के अनुसार मृतका की बहू ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। बहू का कहना है कि उसे गुटखा खाने की आदत है, वह गुटखा लेने घर से बाहर गई थी, वापस आई तो सास उसे इसी बात को लेकर लड़ने लगी। बात बढ़ी और दोनों में हाथापाई होने लगी। गुस्से में उसने सिल का बट्टा उठाकर सास के सिर पर दे मारा। इसके घर के चाकू से सिर और गर्दन पर वार कर दिया। घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद कर लिए गए हैं।