शहर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी में 27 जनवरी की रात को घर में घुसे चोरों की पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय केवल सिंह पाहवा परिवारीजनों के साथ घर में सोए थे, तभी घर में चोर घुस आए। इस बीच केवल सिंह की आंख खुल गई। उनके शोर मचाने पर चोरों ने उन्हें पकड़ लिया और लोहे की राड से सिर और घुटने पर कई प्रहार किए। दाहिने हाथ में दांतों से काट लिया। 28 जनवरी को परिवारीजनों ने केवल सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ तो नौ फरवरी को उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। छोटे भाई नरेंद्र पाहवा के मुताबिक सिर में गंभीर चोटे होने के कारण 14 फरवरी को केवल सिंह की हालत फिर बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ज्यादा हालत बिगड़ने पर 20 फरवरी को उनकी मौत हो गई। केवल सिंह की मौत होने के बाद परिवारीजनों ने एसपी से पुलिस से पूरे मामले की शिकायत कर बताया कि उनकी मौत चोरों द्वारा की गई पिटाई में गंभीर चोट आने की वजह से हुई है। शिकायत पर सीओ सिटी एमपी सिंह ने मपौका-मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ ने बताया कि इस मामले में नरेंद्र की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।