लापता दोनों किशोरी आपस में हैं सहेली
घरवालों ने जताई अपहरण की आशंका, तहरीर दी
दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस ने शुरू की पूछताछ
सीएचसी पर दवा लेने आईं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की दो किशोरियां पांच जून को रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। दोनों आपस में सहेलियां हैं। तलाश के बाद जब दोनों लड़कियों का पता नहीं चला तो घर वालों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घर वालों के शक जताने पर दो युवकों को पकड़ा है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक ही गांव की 14 वर्षीय और 16 वर्षीय किशोरियां सहेली हैं। दोनों पांच जून को गांव से अपनी दवा लेने धौरहरा सीएचसी आईं थीं, लेकिन घर वापस नहीं लौटीं। शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार वालों की चिंता बढ़ गई और उनके परिजनों ने तलाश शुरू कर दी, लेकिन दोनों सहेलियों का कोई पता नहीं चला। दोनों किशोरियों के घर वालों ने बताया कि उन्होंने अब तक सभी रिश्तेदारियां भी खंगाल ली हैं। इसके बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को दोनों के घर वाले कोतवाली पहुंचे और दोनों लड़कियों के अपहरण होने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने परिवार वालों से बातचीत करने के बाद दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा मिला है। अपहरण की बात गलत है। जिनपर परिवार वालों ने शक जताया था उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।