राजमार्ग पर वाहन को ओवरटेक करने में दाउदपुर के पास हुआ हादसा
कौआखेड़ा गांव से तिलक लेकर गांव हरसिंहपुर गए थे लोग
भीरा-लखीमपुर राजमार्ग पर रविवार देर रात दाउदपुर के पास एक वाहन को ओवरटेक करती कार सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉले से जा भिड़ी, हादसे में कार का दाहिना हिस्सा ट्रॉली के लोहे के इंगल से भिड़ गया, जिससे कार के चिथड़े उड़ गए। हादसे में कार सवार भीरा थाना क्षेत्र के कौवाखेड़ा गांव निवासी दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक समेत सवार तीन अन्य लोग भी जख्मी हो गए।
भीरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल रविवार की शाम अपनी लड़की का तिलक लेकर रिश्तेदार एवं गांव के कई लोगों को लेकर फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर निवासी शत्रोहन के वहां गए थे। तिलक चढ़ाने के बाद रात करीब 11 बजे कन्या पक्ष के लोग अपने वाहन से गांव वापस जा रहे थे। दाउदपुर के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय एक कार सामने से आ रहे ट्रॉला से टकरा गई, जिससे कार ट्रॉला के दाहिने हिस्से में घुस गई। हादसे में कार में सवार कौवाखेड़ा गांव के ही जसवंत और श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं ड्राइवर सोबरन लाल का हाथ पूरी तरह जख्मी हो गया। साथ ही कार सवार गांव के ही तेज पाल पुत्र शिवराम और नंदकिशोर पुत्र उमा दत्त घायल हो गए। साथ में पीछे चल रहे दूसरे वाहनों पर सवार लोग भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला, देखा कि घायलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है। साथ में चल रहे उमाशंकर ने बताया कि उन लोगों ने मदद के लिए 108 नंबर पर कॉल किया लेकिन आधे घंटे से ज्यादा इंतजार करने के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंची, वही यूपी 100 पहुंची जरूर, लेकिन वह भी घायलों को अस्पताल भेजने में नाकाम रही। दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद यूपी 100 ने एक मैजिक वाहन में घायलों को भी मृतक लोगों के साथ ही जिला अस्पताल भेज दिया।
दो मौत से गांव में छाया मातम
कौआखेड़ा गांव में दुर्घटना में एक साथ दो मौतें होने से गांव में मातम छाया है। अधिकांश लोगों को हादसे के बारे में सुबह जानकारी मिली, उसके बाद मृतक के घरों पर लोग पहुंचने लगे। मृतकों में जसवंत की अभी 35 साल की उम्र है, चार साल पहले उसकी शादी गुलरिया से हुई है, वहीं दूसरे मृतक श्रीपाल की उम्र 35 साल है। गरीब घर से ताल्लुक रखने वाले मृतक के परिवार वाले बेसहारा हो गए हैं।
बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल
महेवागंज खीरी। लखीमपुर से शारदा नगर की ओर जा रही प्राइवेट बस ने सैधरी गोशाला के पास बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ईशानगर थाना क्षेेत्र के गांव लाखुन परसिया निवासी संतोष और सर्वेश गंभीर घायल हो गए। दोनों सोमवार को किसी काम से लखीमपुर आ रहे थे। हादसे के बाद चालक बस को छोड़ मौके से भाग निकला। चौकी प्रभारी फूलचंद ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। बस को कब्जे मे कर चालक की तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध घायल
गुलरिया। गांव दुजयीपुरवा निवासी 65 वर्षीय पुत्तूलाल साइकिल से पडरिया आए थे। वह अपने घर जा रहे थे। ग्राम मलूकापूर में कार ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे पुत्तूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और घायल को बिजुआ अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
सड़क दुर्घटना में मां-बेटा घायल
ममरी। थाना पुवायां क्षेत्र के गांव बिलंदरपुर निवासी हर्षित वर्मा उर्फ गुड्डू रविवार की देर शाम अपनी मां माधुरी देवी को बाइक पर बैठाकर दावत में हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव घरथनियां जा रहे थे। ममरी चौराहे से पहले बाइक सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर सर्वेश वर्मा की टेंट हाउस दुकान के सामने रोड के किनारे खड़े जनरेटर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटा घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ वीके द्विवेदी ने बताया कि घायल हर्षित वर्मा के चाचा सुधीर कुमार की तहरीर पर दुकान मालिक सर्वेश वर्मा के खिलाफ इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।